Pilibhit News: आवास दिलाने के नाम पर साठ हजार हड़पे
बाइक लूटने का आरोप भी लगाया, पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। आवास दिलाने के नाम पर साठ हजार रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने बाइक यह कहते हुए दे दी कि रुपये मिलने पर बाइक उसे वापस कर दे। लेकिन बाद में उसने बाइक लूटने का आरोप लगा दिया। पुलिस ने जांच के बाद इस मामले में ठगी करने वाले शेरपुरकलां निवासी मोहम्मद मियां और इशारतनूर खां उर्फ छोटा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव शेरपुरकलां निवासी पप्पू खां ने बताया कि तीन साल पहले गांव निवासी मोहम्मद मियां और इशारतनूर खां उर्फ छोटा ने आवास दिलाने के नाम पर 60 हजार रुपये लिए थे, मगर उसे आवास नहीं मिला। तब उसने रुपये वापस मांगे। आरोपी लगातार टाल मटोल करने लगे। रुपये वापस लेने गई उसकी पत्नी शबाना से अभद्रता कर घर से धक्का देकर निकाल दिया।
मंगलवार को मोहम्मद मियां के मिलने पर उसने फिर तकाजा किया। तब मोहम्मद मियां ने रुपये न होने की बात कहते हुए अपनी बाइक दे दी और कहा कि जब वह रुपये देगा तब बाइक लौटा देना। पप्पू खां ने बताया कि बाइक उसने गांव के तकी खां के घर खड़ी कर दी और उनको पूरे मामले की जानकारी दी। इधर मोहम्मद मियां ने पुलिस को झूठी सूचना देकर बाइक लूटने का आरोप लगाया।
इस पर मोहम्मद मियां और इशारतनूर खां के खिलाफ उसने पुलिस को तहरीर दी। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।



