पीलीभीत

Pilibhit News: बछड़े पर झपटा तेंदुआ पुलिस की गाड़ी देख भागा

Connect News 24

संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

Updated Mon, 31 Jul 2023 11:57 PM IST

कलीनगर। सेल्हा और आसपास के गांवों में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। रविवार देर शाम जंगल से निकला तेंदुआ डैम के रैंप के नजदीक घूम रहे बछड़े पर झपटा, लेकिन तभी पुलिस की गाड़ी वहां पहुंच गई। इससे तेंदुआ बछड़े को छोड़कर भाग गया। सूचना के बाद वनकर्मियों ने निगरानी बढ़ा दी है। एक और कैमरा भी लगा दिया है।

बराही रेंज के जंगल से सटे सेल्हा गांव में बच्ची की जान लेने के बाद से तेंदुए की सक्रियता लगातार बनी हुई है। वन विभाग की ओर से लगाए गए कैमरों में भी तेंदुए की तस्वीर कैद हुई है। तेंदुआ पुरैना, सेल्हा से लेकर सप्त सरोवर तक चहलकदमी कर रहा है। अब तक दो मवेशियों को भी निवाला बना चुका है। निगरानी के लिए एक कैमरा और बढ़ा दिया गया है। पिंजरा लगाकर बकरी भी बांधी गई है, लेकिन तेंदुआ पिंजरे के आसपास नहीं फटक रहा है।

रविवार देर शाम चूका से सेल्हा जाने वाले मार्ग पर डैम के रैंप के पास तेंदुए ने बछड़े पर झपट्टा मारा। इसी बीच यूपी-112 का वाहन वहां पहुंच गया। रोशनी पड़ने पर तेंदुआ बछड़े को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। पुलिसकर्मियों ने मामले की जानकारी वनकर्मियों को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर निगरानी बढ़ा दी गई। रेंजर अरुण मोहन श्रीवास्तव का कहना है कि तेंदुए की सक्रियता को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button