Pilibhit News: वकीलों और डाककर्मियों में नोकझोंक, हंगामा

बीसलपुर डाकघर में अधिवक्ताओं और डाक कर्मियों की होती नोकझोंक ।
स्टेटमेंट लेने गए थे अधिवक्ता, कर्मचारी ने कहा-अभी देर लगेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। स्टेटमेंट रिपोर्ट तत्काल न देने पर बृहस्पतिवार को डाकघर में अधिवक्ताओं और डाक कर्मियों में काफी नोकझोंक हुई। हंगामे के कारण यहां काम प्रभावित रहा।
प्रगतिशील बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव श्याम कृष्ण मौर्य बैंक में चेक बाउंस होने पर बृहस्पतिवार सुबह लगभग 11 बजे डाकघर में स्टेटमेंट निकलवाने पहुंचे। डाकघर के संबंधित पटल प्रभारी ने जरूरी कार्य में व्यस्त होने की बात कहते हुए अधिवक्ता से कुछ देर प्रतीक्षा करने के लिए कहा। अधिवक्ता ने रिपोर्ट तत्काल देने को कहा।
ऐसे में पटल प्रभारी ने उन्हें जनसेवा केंद्र जाने की सलाह दी। इसी मुद्दे पर दोनों में कहासुनी होने लगी। ऐसे में वहां मौजूद वकील के साथियों ने भी उनका साथ दिया। पटल पर हंगामा देख अन्य डाककर्मी भी मौके पर आ गए और वे अपने साथी का पक्ष लेने लगे। ऐसे में दोनों पक्षों में जमकर नोकझोंक हुई। मौके पर भीड़ लग गई। इस दौरान संबंधित पटल का एक शीशा भी टूट गया।
ऐेसे में किसी ने कोतवाली पुलिस को सूचना देदी। जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। इसके बाद अधिवक्ता तहसील चले आए। अधिवक्ताओं के जाते ही डाककर्मी एकत्र होकर कोतवाली गए और कोतवाल अशोक पाल को पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद अधिवक्ता भी एकत्र होकर कोतवाल से मिले और उन्हें पूरी बात बताई।
कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि अभी किसी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। उप डाकपाल जगदीश प्रसाद ने बताया कि अधिवक्ता श्याम कृष्ण मौर्य जब स्टेटमेंट लेने आए, उस समय डाक छांंटी जा रही थी। अधिवक्ता से कुछ देर प्रतीक्षा करने को कहा गया। इस बीच अधिवक्ता ने अपने साथियों को बुलाकर डाकघर में हंगामा शुरू कर दिया। पटल का शीशा भी तोड़ दिया।
अधिवक्ता श्याम कृष्ण मौर्य का कहना है कि डाककर्मियों ने झूठा मामला बनाने के लिए पटल का शीशा स्वयं तोड़ा है।