Pilibhit News: दीवार फांदकर घुसे चोर, ले गए चार भैंसें
पूरनपुर। दीवार फांदकर घुसे चोरों ने घर में बंधी चार भैंसें चोरी कर लीं। घटना की सूचना पर सेहरामऊ उत्तरी और गढ़वाखेड़ा पुलिस पहुंची। रात को ही गांव वालों के साथ पुलिस ने पिकअप पर लदी एक भैंस सहित दो चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीन लोगों को नामजद कर पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार दोनों चोरों का चालान कर दिया।
घटना रात करीब एक बजे सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव खांडेपुर में हुई। गांव निवासी महेश मिश्र ने बताया कि घर के अंदर उनकी चार भैंसें बंधीं थी। रात करीब एक बजे दीवार फांदकर घुसे चोर उनकी चारों भैंसें चोरी कर ले गए। आंख खुलने पर भैंसें न होने पर शोर मचाया। घटना की सूचना पर सेहरामऊ उत्तरी थाना और गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी की पुलिस पहुंची।
गांव के लोगों ने पुलिस के साथ भैंसों के पैरों के निशान का पीछा करते हुए उनकी तलाश की। गांव से कुछ दूरी पर खड़ी एक पिकअप पर लदी एक भैंस और दो आरोपी पुलिस ने पकड़ लिए। जबकि तीन भैंसें और अन्य आरोपी हाथ नहीं लग सके। गांव केसरपुर निवासी नूर मोहम्मद, रोनक, खुटार थाना क्षेत्र के गांव नरौठा निवासी मोहम्मद इमरान और दो अन्य के खिलाफ भैंस चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
गांव बरकलीगंज निवासी नत्थूशाल और खुटार थाना के गांव नरोठा निवासी मोहम्मद इमरान को गिरफ्तार कर चालान किया गया है। अन्य आरोपियों और चोरी गई भैंसों की तलाश कराई जा रही है।