Pilibhit News: पड़ोसी की प्रताड़ना से त्रस्त किशोरी ने कीटनाशक पीकर दी जान
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Sun, 30 Jul 2023 12:08 AM IST
पूरनपुर। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। किशोरी के परिजनों ने पड़ोसी पर किशोरी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
शुक्रवार को हालत खराब होने पर किशोरी को सीएचसी लाया गया। यहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। किशोरी ने रात आठ बजे अपने भाई को कीटनाशक पीने की जानकारी देकर बचा लेने की गुहार की। जिला अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। किशोरी के परिजन शव घर ले गए।
शनिवार सुबह चार बजे सूचना पर एसओ सेहरामऊ कांत कुमार शर्मा टीम के साथ किशोरी के घर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। किशोरी के परिजनों ने पड़ोसी पर किशोरी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। एसओ ने बताया कि किशोरी की चारपाई के पास से नीले रंग के कुछ कण मिले हैं। पास ही तीन रेपर पड़े मिले। ये धान खी फसल में डाली जाने वाली कीटनाशक दवा के हैं। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और तहरीर मिलने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।