Pilibhit News: नंबर बदलकर साल की लकड़ी ले जा रहे ट्रक को पकड़ा, सीज
पीलीभीत। नंबर बदलकर साल की लकड़ी लदे ट्रक को एआरटीओ ने बिलसंडा मार्ग पर पकड़कर सीज कर दिया। साथ ही इसी मार्ग पर अन्य वाहनों के विरुद्ध भी अभियान चलाकर कार्रवाई को अमल में लाया गया।
शनिवार की सुबह एआरटीओ वीरेंद्र कुमार ने बीसलपुर-बिलसंडा मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ईंटगांव चौकी के निकट साल की लकड़ी लादकर ले जा रहे एक ट्रक को रुकवाया। जब एआरटीओ ने ट्रक के सभी वैध प्रपत्रों को चेक किया तो जानकारी में आया कि ट्रक पर पड़ा नंबर व कागजों पर दर्शाया गया नंबर भिन्न है। इसके बाद एआरटीओ ने ट्रक को सीज करते हुए उस पर 95 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। इसके अलावा अन्य तीन ओवरलोड़ ट्रक को भी सीज किया। उनसे 85 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। वहीं एक साल से बिना टैक्स जमा किए संचालित ट्रक का चालान की किया गया। इसके अलावा तीन कंबाइन जो बिना नंबर प्लेट की संचालित हो रही थी उनका चालान किया गया। बिना फिटनेस के चल रहे एक सवारी वाहन का चालान किया गया। सभी वाहनों को चालान कर इनसे लगभग दो लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है।