Pilibhit News: ब्लैक स्पॉट पर सिर्फ संकेतकों के सहारे हादसे रोकने की कोशिश

आसाम हाइवे ।
पीलीभीत। असम हाईवे पर सड़ा पुल के पास तीव्र मोड़ है। अक्सर यहां हादसे होने पर इसे ब्लैक स्पॉट घोषित किया जा चुका है, लेकिन हादसे रोकने के लिए महज दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र होने का बोर्ड लगा दिया गया है। ब्लैक स्पॉट के दायरे में आने वाले पुल पर गहरे गड्ढे हादसों को दावत दे रहे हैं। बृहस्पतिवार को यहां हादसे में दो लोगों की जान जा चुकी है।
असम हाईवे पर आए दिन हादसे होने के बावजूद उपसंभागीय परिवहन विभाग ब्लैक स्पॉटों पर सिर्फ औपचारिकताएं ही निभा रहा है। यही कारण है कि लोग हादसे का शिकार हो रहे हैं। बरहा तिराहे से पुलिस चौकी तक लगभग 500 मीटर के हिस्से को ब्लैक स्पॉट घोषित कर दिया गया है, लेकिन यहां पर सिर्फ एक संकेतक बोर्ड लगाया गया है। वाहनों की गति सीमा नियंत्रित करने के लिए न तो स्पीड ब्रेकर बनवाए गए हैं न ही तीव्र मोड पर कोई संकेतक लगाया गया है।
हाइवे किनारे खड़ीं झाड़ियां भी बन रहीं हादसे की वजह
असम हाईवे स्थित ब्लैक स्पॉट पर सड़क किनारे ऊंची-ऊंची झाड़ियां उग आई हैं। बारिश में ये और ज्यादा विकसित हो रही हैं। ग्रामीणों की मानें तो झाड़ियों में बैठे जानवर कब सड़क पर आ जाएं, इसका वाहन चालकों को कोई अंदाजा नहीं होता है। ऐसे में वाहन चालक उन्हें बचाने के चक्कर में वाहन से नियंत्रण खो बैठते हैं और हादसे का शिकार हो जाते हैं।
सड़ा पुल पर गहरे गड्ढे बिगाड़ रहे वाहनों का संतुलन
सड़ा पुल पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। इनसे भी वाहनों का संतुलन बिगड़ जाता है और वे हादसे का शिकार हो जाते हैं। इसके बाद भी गड्ढे सही नहीं कराए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को हादसा होने के बाद विभागीय आला अफसर मौके पर पहुंचे थे, लेकिन कागजी कार्रवाई कर लौट आए।
अफसरों की नजर में ट्रक के कागज थे फिट
हादसा होने के बाद परिवहन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। इसमें ट्रक के कागज पूरी तरह सही पाए गए। इसके साथ ही ट्रक में गेहूं का लदान भी मानक के अनुरूप ही पाया गया।
वर्जन:
जिस जगह पर हादसा हुआ है, वह ब्लैक स्पॉट में ही आता है। मौके पर जाकर जांच पड़ताल कर ली गई है। ब्लैक स्पॉट पर सभी जरूरी संकेतक लगवाए गए हैं। – वीरेंद्र सिंह एआरटीओ।