Pilibhit News: धर्मांतरण की कोशिश के मामले में दो आरोपियों को जेल भेजा
पीलीभीत। सुनगढ़ी पुलिस ने धर्मांतरण की कोशिश के मामले में दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस ने सोमवार को दोनों को चालान कर दिया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया।
शहर के शिवाजी कॉलोनी में थाना गजरौला क्षेत्र के गांव इटौरिया निवासी गिरवर के घर में राकेश गॉडसन व उसका पुत्र डेविड गॉडसन पिछले काफी लंबे समय से रह रहे हैं। रविवार को इनके घर में भीड़ जुटती है। इनकी गतिविधियों को देख कर मोहल्ले के लोगों ने पहले भी गृहस्वामी से शिकायत की थी। इसके बावजूद भी उन्हें नहीं निकाला गया। जिसके बाद रविवार को मोहल्ले के लोगों ने मामले की सूचना हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को दी थी।
इस पर काफी संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर धर्मांतरण का आरोप लगाकर हंगामा किया था। सूचना पर पहुंची सुनगढ़ी पुलिस लगातार धर्मांतरण के साक्ष्य न मिलने की बात कहती रही, जबकि पुलिस को मौके से कई संदिग्ध वस्तुएं मिली थी। रिपोर्ट दर्ज करने को लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने डेविड गॉडसन और कृष्ण कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सोमवार को चालान कर दिया। कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया।