Pilibhit News: पीटीआर के सीमावर्ती जंगल में सतर्कता बढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 28 Jul 2023 01:01 AM IST
कलीनगर। उत्तराखंड में बाघ की खाल बरामद होने के बाद पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। उत्तराखंड की सीमा से लगे महोफ और नेपाल सीमा से लगी बराही रेंज के सीमावर्ती जंगल में अधिक नजर रखी जा रही है। इसके लिए गश्त को बढ़ाया गया है।
वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो के अलर्ट के बाद प्रदेश के अलावा पड़ोसी राज्य में भी सक्रियता बढ़ाई गई थी। पिछले दिनों उत्तराखंड में बाघ की खाल बरामद की गई। इसके बाद पीलीभीत टाइगर रिजर्व के अफसर भी गंभीर हुए है। दरअसल पीलीभीत का जंगल उत्तराखंड और नेपाल की सीमा से लगा हुआ है। खुली सीमा होने के चलते यहां तस्कर हावी रहते हैं।
नेपाल से बीहड़ इलाकों के रास्ते उत्तराखंड की ओर जाने की आशंका बनी रहती है। बाघ की खाल बरामद होने के बाद महोफ और बराही रेंज के शारदा नदी के पार के इलाकों में अधिक सतर्कता बरती जाने लगी है। टाइगर रिजर्व के अलावा दूसरी सीमा के वनकर्मियों के साथ पैदल गश्त कर वन और वन्यजीवों की हकीकत को परखा जा रहा है। लग्गा-भग्गा क्षेत्र में भी पैनी नजर रखी जा रही है।
डिप्टी डायरेक्टर नवीन खंडेलवाल ने बताया कि टाइगर रिजर्व के सीमावर्ती जंगलों में गश्त को बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।