Pilibhit News: वार्ड आया के आवास पर छापा, प्रसव कराने के उपकरण मिले
पूरनपुर। वार्ड आया के सरकारी आवास में अवैध तरीके से प्रसव कराने की शिकायत पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अनिकेत गंगवार ने बृहस्पतिवार को छापा मारा। आवास पर मौजूद कई महिलाएं प्रभारी चिकित्साधिकारी को देखकर खिसक गईं। यहां प्रसव कराने के कुछ उपकरण कब्जे में लिए गए है।
एसडीएम, सीओ आवास के समीप पूरनपुर देहात में महिला अस्पताल है। यहां परिसर में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के कई सरकारी आवास हैं। सरकारी आवास में गलत ढंग से प्रसव होने की शिकायत सीएमओ से लोगों ने की थी। शिकायत पर प्रभारी चिकित्साधिकारी ने बृहस्पतिवार को एक वार्ड आया के आवास पर छापा मारा।
प्रभारी चिकित्साधिकारी ने आवास से प्रसव कराने के कुछ उपकरण बरामद किए। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच कर रिपोर्ट उच्च अफसरों को भेजी जाएगी।