Pilibhit News: दिहाड़ी मांगी तो चेयरमैन के पति बोले- भाग जा, नहीं तो गाड़ी चढ़ा दूंगा
पीलीभीत। जहानाबाद चेयरमैन के पति ने घर में टाइल्स का काम कराने के बाद मजदूर को उसके रुपये देने से इन्कार कर दिया। मजदूर ने अपने फुफेरे भाई को मामले की जानकारी दी। वह चेयरमैन पति से बात करने के लिए गया। आरोप है कि चेयरमैन पति ने जातिसूचक गालियां देते हुए उसकी पिटाई कर दी। बोले- भाग जा, नहीं तो गाड़ी चढ़ा दूंगा। युवक ने मामले की तहरीर थाना जहानाबाद में दी है।
जहानाबाद वार्ड नंबर दो के रहने वाले हरद्वारी लाल ने बताया कि उसके ममेरे भाई गुड्डू ने जहानाबाद की चेयरमैन के पति दुर्गाचरण उर्फ अन्ना के यहां टाइल्स लगाने का काम किया था। गुड्डू ने जब दिहाड़ी के रुपये मांगे तो चेयरमैन पति ने उसके काम में कमियां निकालते हुए उसे भगा दिया।
हरद्वारी का कहना है कि 12 नवंबर को वह चेयरमैन के पति से मिला और गुड्डू के रुपये देने को कहा। आरोप है कि रुपये की बात सुनते ही चेयरमैन पति आग बबूला हो गया। जातिसूचक गालियां देते हुए उसके साथ मारपीट शुरु कर दी। जान से मारने की नीयत से उसका गला भी दबाया। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और उसे बचाया। हरद्वारी का कहना है कि चेयरमैन पति ने कहा कि अगर दोबारा रुपये मांगे तो गाड़ी से दबा दूंगा। युवक ने मामले की शिकायत जहानाबाद थाने में कर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।