Pilibhit News: रुपये उधार देने के बहाने बुलाकर महिला से की छेड़खानी
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Wed, 26 Jul 2023 12:31 AM IST
पूरनपुर। रुपये देने के बहाने साइकिल से अनजान जगह पर ले जाकर एक महिला से छेड़खानी की गई। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने पीड़िता की ओर से आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीलीभीत के सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की महिला ने बताया कि पूरनपुर क्षेत्र के गांव गैरतपुर जप्ती निवासी रामदीन का उसके घर आना-जाना था। जरूरत पर उसने रामदीन से 10 हजार रुपये उधार मांगे थे। रामदीन ने रुपये देने के बहाने 19 जुलाई को उसे पूरनपुर के असम चौराहे पर बुलाया।
चौराहे पर करीब एक घंटा इंतजार करने के बाद रामदीन साइकिल से आया और रुपये देने के बहाने साइकिल पर बैठाकर अनजान स्थान पर ले गया। वहां उससे छेड़खानी की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि पीड़िता की ओर से रामदीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।