Pilibhit News: राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल के नए भवन में अब भी काम बाकी
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉ. हरवीर सिंह ने बुधवार को गांव साबेपुर के राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल के नवनिर्मित भवन का निरीक्षण किया। जिसमें कई काम बाकी मिले।
गांव साबेपुर में पिछले कई वर्षों से राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल किराये के एक छोटे से भवन में चल रहा है। क्षेत्रीय जनता की बेहद मांग पर विभाग ने अस्पताल का विभागीय भवन 16 लाख की लागत से बनवाया। भवन यूपीपीसीएल संस्था की देखरेख में बनवाया गया। संस्था के प्रतिनिधियों ने जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी को जानकारी दी कि भवन बनकर तैयार हो गया है।
ऐसे में बुधवार को जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी ने नए भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। जिसमें सामने आया कि भवन के पिछले हिस्से में करीब पांच फीसदी निर्माण कार्य बाकी है। उन्होंने मौके पर मौजूद निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि से भवन का काम जल्द पूरा करने को कहा। जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी ने बताया कि काम पूरा होते ही विभाग के लखनऊ स्थित कार्यालय से अनुमति लेकर किराये के भवन में चल रहे अस्पताल को यहां शिफ्ट कर दिया जाएगा।



