Rampur News: दिल्ली के लिए 30 बसों का संचालन शुरू
रामपुर। दिवाली के त्योहार पर परिवहन निगम यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने की तैयारी में जुटा है। इसके लिए दिल्ली रूट पर प्रतिदिन 30 बसों का संचालन किया जा रहा है। इनमें बीएस-6 मॉडल की आठ बसें दिल्ली जा रही हैं। 22 बसें कौशांबी डिपो तक पहुंच रही हैं।
स्थानीय रोडवेज बस स्टेशन से प्रतिदिन 62 बसों का संचालन होता है। प्रतिदिन नौ से 10 हजार यात्री बसों से यात्रा करते हैं। त्योहार पर लोग घर आने वालों की संख्या बढ़ने से परिवहन निगम रोडवेज बसों के अतिरिक्त फेरे लगाकर बसों का संचालन कर रहा है। जिसमें दिल्ली के लिए 30, बरेली के लिए 15 और लखनऊ के लिए पांच बसों का संचालन किया जा रहा है। बाकी 12 बसें लोकल में चल रही हैं। इनके फेरे बढ़ा दिए गए हैं। सभी रूटों पर 24 घंटे बसों की उपलब्धता की व्यवस्था की गई है। इसके लिए विभाग की ओर से कंट्रोल रूम भी बनाया गया है।
प्रदूषण के कारण दिल्ली तक जा रहीं आठ बसें
प्रदूषण के कारण दिल्ली में बीएस-6 वाहनों के ही प्रवेश की अनुमति है। डिपो के पास सिर्फ आठ बीएस-6 बसें हैं। इनका दिल्ली तक संचालन हो रहा है। बाकी 22 बसें कौशांबी डिपो तक ले जाई जा रही हैं।
त्योहार पर बसों के फेरे बढ़ा दिए हैं। दिल्ली को 30 बसें जा रहीं हैं। इनमें बीएस 6 मॉडल की आठ बसें दिल्ली तक जा रही हैं। शेष 22 बसों का कौशांबी डिपो तक संचालन किया जा रहा है। लोकल रूट में भी बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं।