Rampur News: ज्वालानगर के 82 रेहड़ी-पटरी वालों ने पीएम स्वनिधि में किया आवेदन
रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना के आह्वान के बाद प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत ज्वालानगर में ऋण वितरण शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान 82 फल विक्रेताओं ने ऋण के लिए आवेदन किया। जल्द ही इन फल विक्रेताओं को ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
केंद्र सरकार की ओर से रेहड़ी पटरी वालों के उत्थान के लिए प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना शुरू की है। यह योजना कोरोना काल में शुरू हुई थी। योजना के तहत 10 हजार रुपये का ऋण दिया जाता है। हालांकि योजना में विस्तार भी किया गया है। पहले 10 हजार रुपये का ऋण चुकाने वाले को 20 हजार और 20 हजार का ऋण चुकाने वाले को 50 हजार तक का ऋण दिया जाता है। वहीं, ज्वालानगर में प्रदेश का सबसे बड़ा प्रधानमंत्री स्वनिधि गलियारा बनाया जा रहा है, जिसमें रेहड़ी पटरी के विक्रेताओं को व्यवस्थित तरीके से स्थान दिया जा रहा है। जिसके लिए प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने भी दुकानदारों से दस हजार रुपये का ऋण लेने के लिए अपील की थी।
सोमवार को शहर विधायक आकाश सक्सेना ने मुख्य सचिव के निर्देशों के क्रम में जिला नगरीय विकास अभिकरण के अफसरों से ज्वालानगर में फल विक्रेताओं को ऋण दिलाने के लिए शिविर लगवाने का आह्वान किया था। जिसके बाद विभाग की ओर से शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान 82 फल विक्रेताओं ने ऋण के लिए आवेदन किया।

