Rampur News: पिता को खाना देने खेत पर जा रही छात्रा की तालाब में डूबकर मौत
रामपुर। टांडा क्षेत्र के ग्राम खजुआखेड़ा में सोमवार को दोपहर तीन बजे खेत पर काम कर रहे पिता के लिए खाना लेकर जा रही पायल (11) की तालाब में डूबकर मौत हो गई। सूचना मिलने पर टांडा एसडीएम, तहसीलदार और तथा कोतवाली प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए। ग्राम खजुआ खेड़ा निवासी गोकल सिंह की पुत्री पायल नगर स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय कन्या में कक्षा छह में पढ़ती थी। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से आने के बाद वह खेत पर धान लगा रहे पिता के लिए घर से खाना लेकर निकली थी। रास्ते में पड़ने वाले तालाब के करीब से निकलते समय पायल का पैर फिसल गया और वो तालाब में गिरकर डूब गई।
चार बजे तक जब पायल खाना लेकर नहीं पहुंची तब उसके पिता ने तलाश शुरू की। गोकल के अन्य गांव वालों ने भी उसकी तलाश शुरू कर दी। शाम करीब छह बजे तालाब के किनारे टिफिन पड़ा मिला। इसके बाद तलाश की तो तालाब में शव उतराता मिला। बेटी का शव देखकर पिता बेसुध हो गए। पायल की मां की छह वर्ष पहले ही मौत हो चुकी है। पिता ही बच्चों का ख्याल रखते हैं।
पायल तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर की थी। उससे बड़ा भाई आकाश (14) और बहन अंजलि (9) है। छात्रा के डूबने की सूचना मिलने पर एसडीएम अरुण कुमार, नायब तहसीलदार अंकुर अंतल तथा प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह पचौरी मौके पर पहुंच गए। परिवार से बातचीत के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार ने अभी तक कोई तहरीर नहीं दी है।