Rampur News: सिंचाई विभाग के खिलाफ आंदोलन करेगी भाकियू
रामपुर। भाकियू टिकैट गुट की बृहस्पतिवार को हुई पंचायत में सिंचाई विभाग के खिलाफ बेमियादी धरने की रणनीति तैयार की गई। आंदोलन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपी। संगठन के पदाधिकारियों का आरोप है कि अधिकतर नहरों पर कब्जा है। नहरों की सिंचाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जाती है। ऐसे में किसानों को नहरों से पानी नहीं मिल रहा है।
भाकियू के प्रदेश महासचिव हसीब अहमद ने कहा कि धीरे-धीरे नहरें अपना वजूद खो रही हैं। अधिकतर नहरों पर या तो अवैध कब्जा या फिर क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। प्रदेश महासचिव ने कहा कि अगले महीने बरसात शुरू हो जाएगी। नदियों का जल स्तर बढ़ने से जिले में हर साल बाढ़ आ जाती है। आरोप लगाया कि सिंचाई विभाग बाढ़ सुरक्षा के नाम पर सिर्फ सरकारी धन का दुरुपयोग करता है। इसका खामियाजा ग्रामीणों को उठाना पड़ता है। एलान किया कि इसके खिलाफ एक मई से किला स्थित सिंचाई विभाग के दफ्तर पर बेमियादी धरना दिया जाएगा। पंचायत में मंडल महासचिव यामीन खां, छिद्दा नेता,राजपाल सिंह, हाफिज अय्यूब, सेवाराम, साहबजान, नल सिंह यादव, नदीम खां, खेलेंद्र सिंह, अमरीक सिंह, नीरज त्यागी, जुल्फिकार, रईस, मुस्तकीम मौजूद रहे। संवाद