Rampur News: मसवासी में आंधी से गिरे पेड़ के नीचे दबकर महिला की मौत
मसवासी(रामपुर)। बृहस्पतिवार की शाम आई आंधी व बारिश के कारण गिरे आम के पेड़ की चपेट में आकर एक महिला की मौत हो गई जबकि दीवार के नीचे दबने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई है। घायल को उत्तराखंड के काशीपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
स्वार कोतवाली अंतर्गत मसवासी चौकी के गांव रहमतगंज में राजकिशोर की 45 वर्षीय पत्नी कृष्णावती बृहस्पतिवार की शाम लगभग छह बजे खेत पर मिर्च की निराई-गुड़ाई का काम कर रही थी। इसी दौरान जब मौसम खराब हुआ तो वह घर के लिए चल पड़ी। बताते हैं कि वह रास्ते में एक बाग के पास से गुजर रही थी कि आंधी के जोरदार झोंके से गिरे आम के पेड़ के नीचे दब गई। उसने तत्काल ही दम तोड़ दिया।
आंधी-बारिश रुकने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंची तब परिजन जंगल गए जहां उन्हें कृष्णावती पेड़ के नीचे दबी मिली। उन्होंने नब्ज टटोल कर देखी लेकिन तब तक वह खत्म हो चुकी थी। परिजन उसका शव घर ले आये। उधर, क्षेत्र के ही धर्मपुर उत्तरी गांव में आंधी-पानी से एक ग्रामीण की दीवार गिर गई जिससे उसमें दबकर उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। इस गांव निवासी मेहबूब की पत्नी मुन्नी दीवार के सहारे कमरे की ओर जा रही थी कि अचानक दीवार भरभरा कर गिरी और मुन्नी उसके नीचे दब गई। चीख पुकार सुनकर परिजन ने उसे मलबे से बाहर निकाला और उत्तराखंड के काशीपुर स्थित निजी अस्पताल ले गए।