Rampur News: चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर तहसील और मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन करेगी भाकियू
रामपुर। भाकियू के संस्थापक स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर भाकियू कार्यकर्ता किसानों की समस्याओं को लेकर जिला और तहसील मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान अधिकारियों को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
भाकियू के प्रदेश कैंप कार्यालय पर आयोजित पंचायत में प्रदेश महासचिव हसीब अहमद ने कहा कि 15 मई को स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि है। उसी दिन किसानों की समस्याओं को लेकर जिला और तहसील मुख्यालयों में धरना प्रदर्शन होगा। डीएम और एसडीएम के जरिए मुख्यमंत्री को पांच सूत्रीय ज्ञापन भी भेजा जाएगा। कहा कि कार्यकर्ता आंदोलन स्थल पर बाबा टिकैत को पुष्पाजंलि अर्पित करेंगे। कहा कि अधिकारी किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। कुपोषण के खिलाफ चलाई जा ही मुहिम और पोषण किट वितरण का हवाला देते हुए कहा कि फर्जी आंकड़ों के जरिए केंद्र और प्रदेश सरकार को गुमराह किया है। राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। साथ ही पुण्य तिथि पर प्रस्तावित आंदोलन को सफल बनाने की अपील की। पंचायत में जुनैद आलम, यामीन खां, साजिद प्रधान, नदीम खां, चौधरी सुंदर सिंह, चौधरी महिपाल, मुस्तकीम, हाफिज अय्यूब, महेंद्र पाल सिंह , राकेश कुमार, सलीम सैफी, नजाकत भी मौजूद रहे।