Rampur News: मोरी गेट से बाइक सवार लुटेरों ने महिला के कुंडल नोचे
रामपुर। शुक्रवार शाम को मोरी गेट से दो बाइक सवार लुटेरों ने दूसरी बाइक पर सवार महिला के कुंडल नोच लिए और फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हुए, लेकिन तब तक वह लोग दूर जा चुके थे। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस से की। जिसके बाद देर शाम को पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
ग्राम भगतपुर थाना खमरिया घाट गांव निवासी ज्ञानवती पत्नी कल्लू सिंह अपने भतीजे विमल के साथ आगापुर गई थी। इसके बाद जब वह अपने घर मोरी गेट की ओर पहुंची तो रास्ते में ही दो बाइक सवार लुटेर उनके बराबर से बाइक चलाने लगे और मौका पाते ही उनके कानों पर झपट्टा मारकर कुंडल नोच लिए। जब तक महिला कुछ समझ पाती वह लोग दूर जा चुके थे। इसके बाद महिला को रोता देख आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। जबकि इसके बाद वह सीधे एकता चौकी पहुंची जहां उसने मामले की तहरीर दी। तहरीर के बाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो गयी और कुछ देर में ही दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम तेजपाल सैनी पुत्र सुंदरलाल सैनी, राजेंद्र सैनी पुत्र प्रीतम सैनी निवासी मोरी गेट बताया है। उनके पास से एक कुंडल, दो तमंचे और चार कारतूस भी बरामद किए गए हैं।