रामपुर

Rampur News: बिलासपुर नगरपालिका नगर में जल्दी ही बनाएगी नान वेंडिंग जोन

Connect News 24

रामपुर। बिलासपुर पालिका अध्यक्ष चित्रक मित्तल ने सोमवार शाम पालिका के सभासदों की आकस्मिक बैठक आयोजित की। इसमें नगर के प्रमुख मार्गों को सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक नान वेंडिंग जोन घोषित करने, किराएदारी की बढ़ी दरों पर आपत्ति मांगने तथा 35 कर्मियों की गायब सर्विस बुकों को जल्द बनवाने पर चर्चा की गई।बैठक में पालिका अध्यक्ष ने सभासदों से नगर की प्रमुख समस्याएं चर्चा की। सभासद डाॅ. बलविंदर सिंह ने कहा कि पालिका के 35 कर्मियों की सर्विस बुकें 2021 से गायब हैं। इनमें से कई लोग सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जो सिर्फ सर्विस बुकों के अभाव में पेंशन के लिए भटक रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पालिका के कुछ कर्मचारी सर्विस बुक बनाने के नाम पर परेशान कर रहे हैं। पालिका अध्यक्ष ने कहा कि वह मामले की जांच कराएंगे और सभी कर्मियों की सर्विस बुकें जल्द ही पूर्ण कराकर उन्हें पेंशन दिलाई जाएगी।

सभासदों ने नगर के प्रमुख मार्गों पर नान वेंडिंग जोन बनाने पर चर्चा की, जिसमें तय हुआ कि नगर के मुख्य चौराहे से माटखेड़ा रोड पर गुरुद्वारे तक, पुरानी तहसील रोड, सिनेमा रोड पर डाॅ. अरोरा की दुकान तक, रामपुर रोड पर केमरी तिराहे तक, नैनीताल रोड पर डैम तक नॉन वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। जिसमें सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक कोई भी ठेला आदि खड़ा नहीं करने दिया जाएगा। शुक्रवार को यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। सभासदों ने कहा कि नगर पालिका की दुकानों की किराएदारी आदि में वृद्धि के मामले में व्यापारी असंतोष जता रहे हैं। इस पर चेयरमैन ने कहा कि किराएदारी बढ़ोतरी के मामले में आपत्तियां भी मांगी गई हैं। अगर किसी को कोई आपत्ति हो तो निर्धारित अवधि में अपनी आपत्ति दाखिल कर सकता है, ताकि उसकी आपत्ति का निस्तारण किया जाए। बैठक में सभासद डॉक्टर बलविंदर सिंह, अमन वर्मा, परमजीत कौर भोला, राजू तनेजा, कुशल कुमार गर्ग, फैजान खां, प्रिया, साधना सक्सेना, रितु देवी, मोहसिन खां, परवेज खान आदि ने भाग लिया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button