Rampur News: खेतों से अवैध खनन में कंपनी के खिलाफ मुकदमा
रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के अफजलपुर पट्टी गांव में किसानों के खेत की मिट्टी को अवैध तरीके से खरीदकर उसका खनन करने के आरोप में खनन करने वाली कंपनी फंस गई है। पुलिस ने खान निरीक्षक की तहरीर के आधार पर एचआरवाई कुंडू कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।क्षेत्र के अफजलपुर पट्टी गांव में पिछले दिनों अवैध तरीके से खनन करने का वीडियो वायरल हुआ था। मामला डीएम तक पहुंचा था। डीएम ने इस मामले की जांच कराई, जिसके बाद सामने आया कि किसानों के खेत की जमीन की मिट्टी को खरीदकर अवैध तरीके से खनन किया जा रहा है, जिस पर खान निरीक्षक अजय कुमार व खनन अधिकारी ने मौका मुआयना भी किया था।
खान निरीक्षक ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी, जिसमें कहा गया कि एक कंपनी के द्वारा अफजलपुर पट्टी गांव में खेत से मिट्टी का खनन किया जा रहा है। जांच के दौरान पाया गया कि खेत में करीब दो मीटर गहरा कर मिट्टी को उठा लिया गया है। जिस पर जानकारी करने पर पता चला कि इस मिट्टी को रामपुर की एचआरवाई कंपनी ने कृषकों से खरीदा है। जिसके बाद आधार कार्ड की मदद से खतौनी लेकर शपथ पत्र बनवाकर खनन किया गया है। लेकिन, इसकी प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई। जिस पर खान निरीक्षक ने थाने में तहरीर दी और कंपनी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंसपेक्टर सिविल लाइंस पंकज पंत ने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।