Rampur News: दंपती पर जानलेवा हमला और छेड़खानी में पिता-पुत्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Mon, 07 Aug 2023 01:51 AM IST
रामपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में बाइक से जा रहे दंपती पर जानलेवा हमला किया गया। साथ ही महिला से छेड़खानी की गई। इस मामले में पिता-पुत्र फंस गए हैं। अदालत के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने पिता और दो पुत्रों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
घटना 17 मई को शहर कोतवाली क्षेत्र के अटरिया चौराहे की है। शहर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ बाइक से जा रहे थे। शाम साढ़े सात बजे आरोपी उन्हें घटनास्थल पर मिले। उन्होंने तमंचे से फायर कर दिया, वह बाल-बाल बचे। बाइक रुकने पर आरोपियों ने उनके साथ गाली- गलौज कर मारपीट की और जेब में रखे 500 रुपये छीन लिए। पत्नी के साथ अश्लील हरकत भी की। पत्नी को जबरन खींचकर जंगल में ले जाने लगे। पत्नी के चीखने-चिल्लाने पर वहां लोग आ गए। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस द्वारा कार्रवाई न होने पर कोर्ट की शरण ली।
शहर कोतवाली प्रभारी गजेंद्र त्यागी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मोहल्ला नालापार सौदाग्रान निवासी परवेज खां और उसके बेटों फैसल खां व कासिम खां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है।