Rampur News: फेस्टिवल ऑफ लाइब्रेरी में चमकी रजा लाइब्रेरी
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Sun, 06 Aug 2023 01:18 AM IST
रामपुर। रामपुर की ऐतिहासिक रजा लाइब्रेरी की डाक्यूमेंट्री ने दिल्ली में खूब धूम मचाई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रजा लाइब्रेरी एवं संग्रहालय के आधुनिकीकरण को लेकर तैयार की गई डॉक्यूमेंट्री देखी। जिसमें लाइब्रेरी के सौंदर्यीकरण की दृष्टि से होने वाले कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। जिसके तहत एक प्रदर्शनी स्थल लाइब्रेरी के बाहर भी तैयार किया जाएगा। वहीं, शहर विधायक ने बताया कि राष्ट्रपति ने लाइब्रेरी में संरक्षित पांडुलिपियों और पुस्तकों के संकलन को सराहा है।
रजा लाइब्रेरी एवं म्यूजियम को विश्व पटल पर चमकाने के लिए शासन और प्रशासन लगातार प्रयासरत हैं। इसको लेकर शहर विधायक भी गंभीर हैं। उन्होंने पूर्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री को रजा लाइब्रेरी के महत्व और ऐतिहासिक पहलुओं के बारे में जानकारी दी थी। साथ ही रजा लाइब्रेरी में ढांचागत सुधार और उच्चीकृत कराने का भी अनुरोध किया था। जिसके बाद केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से रजा लाइब्रेरी एवं म्यूजियम के सौंदर्यीकरण के लिए सात करोड़ रूपये भी जारी कर दिए।
शनिवार को नई दिल्ली स्थित प्रगति मैदान में फेस्टिवल ऑफ लाइब्रेरी का आयोजन किया गया। जिसमें देश की सभी लाइब्रेरी के स्टॉल लगाए गए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस फेस्टिवल का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्हें रजा लाइब्रेरी एवं संग्रहालय डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। जिसमें रजा लाइब्रेरी में होने वाले कार्यों और सौंदर्यीकरण आदि की जानकारी दी गई। राष्ट्रपति को लाइब्रेरी में संरक्षित पांडुलिपियों, पुस्तकों और चित्रों के बारे में भी जानकारी दी गई। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने बताया कि राष्ट्रपति ने रजा लाइब्रेरी में संरक्षित पुस्तकों, पांडुलिपियों और ऐतिहासिक इमारतों की जमकर सराहना की है। अब जल्द ही लाइब्रेरी के विकास का काम शुरू हो जाएगा। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जी किशन रेडडी, राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार अर्जुन राम मेघवाल, संस्कृति राज्यमंत्री मिनाक्षी लेखी भी मौजूद रहीं।