Rampur News: कलक्ट्रेट में नहीं होंगे धरना-प्रदर्शन, प्रशासन ने लगाई रोक
रामपुर। प्रशासन ने कलक्ट्रेट परिसर को धरना प्रदर्शन के लिए प्रतिबंधित कर दिया है। सियासी व सामाजिक संगठन अब सिर्फ अंबेडकर पार्क में धरना प्रदर्शन कर सकेंगे। डीएम ने आदेश जारी कर सख्ती से पालन कराने का आदेश दिया है।
जनसमस्याओं के समाधान को लेकर जनप्रतिनिधि, सामाजिक व सियासी संगठन के प्रतिनिधि आए दिन धरना-प्रदर्शन करते रहे हैं। इस दौरान कई संगठन लाउडस्पीकर का प्रयोग करते हैं, जिससे सरकारी काम प्रभावित हो रहा है। इसको देखते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने आदेश जारी करते हुए कलक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन करने पर पूरी तरह रोक लगा दी है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि कोई संगठन कलक्ट्रेट में धरना-प्रदर्शन करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने धरना प्रदर्शन के लिए अंबेडकर पार्क को चिन्हित किया है। साफ किया है कि यदि किसी को धरना प्रदर्शन करना है तो वह अंबेडकर पार्क में धरना प्रदर्शन कर सकता है। इसके लिए भी प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। बिना अनुमति के धरना प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट को इस मामले में सख्ती से आदेशों का पालन कराने को कहा है।
साल भर पहले लगा था प्रतिबंध,फिर भी हो रहे थे प्रदर्शन
मुरादाबाद मंडल कमिश्नर आन्जनेय कुमार सिंह ने पिछले साल सितंबर में एक आदेश जारी करते हुए कलक्ट्रेट में प्रदर्शन पर रोक लगाने के आदेश दिए थे, लेकिन इस आदेश के बाद भी यहां पर आए दिन प्रदर्शन होते रहे। पिछले दिनों कमिश्नर की नाराजगी के बाद स्थानीय प्रशासन फिर सख्त हो गया है, जिसके बाद अब इस मामले में प्रशासन की ओर से फिर से आदेश जारी कर दिया गया है।