रामपुर

Rampur News: टांडा सीएचसी प्रभारी पर रिश्वत लेने का आरोप, हटाए गए

Connect News 24

रामपुर। टांडा सीएचसी के चिकित्साधीक्षक द्वारा छात्रों से फिटनेस प्रमाणपत्र बनाने के नाम पर सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता ने सीएमओ से शिकायत की। एक वायरल वीडियो में सीएचसी कर्मी छात्रों से रिश्वत ले रहा है। जिसके बाद सीएमओ ने चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपेंद्र यादव को सीएचसी से हटाकर जिला अस्पताल से अटैच कर दिया। वहीं डॉ. सत्यपाल सिंह को नया चिकित्साधीक्षक बनाया है। वहीं वायरल वीडियो की जांच शुरू करा दी है। वीडियो में दिख रहे सीएचसी कर्मी से जवाब मांगा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें टांडा सीएचसी का एक कर्मी छात्रों से मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने के नाम पर ढाई सौ ले रहा है। पैसे न देने पर हजारों रुपये की जांच लिखने की धमकी दे रहा है। एक छात्र ने वीडियो बनाकर भाजपा जिला मंत्री तथा जिला सिंचाई बंधु उपाध्यक्ष राजकुमार चौहान से शिकायत की। भाजपा नेता ने चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपेंद्र सिंह के खिलाफ सीएमओ से शिकायत करते हुए मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखा है। शिकायत में कहा कि उनके द्वारा छात्रों से ही नहीं आशाओं से भी अवैध रूप से वसूली की जाती है। सीएमओ ने चिकित्साधीक्षक को सीएचसी से हटाकर जिला अस्पताल से अटैच करते हुए वायरल वीडियो की जांच शुरू करा दी। चिकित्साधीक्षक डॉ. दीपेंद्र सिंह इन दिनों छुट्टी पर हैं। बीते दिनों वह सीडीओ की बैठक से भी अनुपस्थित रहे थे, जिसके बाद उनका वेतन रोकने के सीडीओ ने आदेश दिए थे। डॉ. दीपेंद्र सिंह ने कहा कि दो अगस्त से मैं छुट्टी पर हूं। मुझे घटना की जानकारी नहीं है।

टांडा सीएचसी के चिकित्साधीक्षक दीपेंद्र यादव को हटाकर जिला अस्पताल से अटैच कर दिया गया है। वीडियो में दिख रहे कर्मचारी से जवाब तलब किया गया है। दोषी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

– डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ, रामपुर।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button