रामपुर

Rampur News: डीएम ने अमृत सरोवर का किया निरीक्षण

Connect News 24

रामपुर। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड ने क्षेत्र के मनकरा कदीम गांव में हाईवे किनारे बन रहे अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। इस दौरान इसको शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, गुजरैला गांव स्थित मंगलधाम में कांवड़ियों के रूकने की व्यवस्था देखने के बाद पौधरोपण किया।जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने शुक्रवार को बिलासपुर क्षेत्र के मनकरा कदीम गांव स्थित निर्माणाधीन अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खंड विकास अधिकारी राजेश कुमार से अमृत सरोवर पर प्रस्तावित कार्यों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर पर कार्य पूर्ण होने के उपरांत इससे ग्राम पंचायत के लिए राजस्व के स्रोत के रूप में विकसित किया जाए।

खंड विकास अधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि अमृत सरोवर के निर्माण पर 19.5 लाख रुपए व्यय हुआ है। अमृत सरोवर में जल संरक्षण के लिए एक गूल का निर्माण कार्य कराया गया है। साथ ही जल संचयन के लिए चार रिचार्ज शॉफ्ट का निर्माण कराया गया है।अमृत सरोवर के एक ओर ग्राम वन बनाया जा रहा है, जिसमें लगभग 2500 पौधे रोपित होंगे। अमृत सरोवर को आकर्षक बनाने के लिए करीब नौ लाख रुपये की लागत से तीन हटों का निर्माण कराया गया है।

इसके बाद जिलाधिकारी ने गजरौला और मनकरा के बीच स्थित आठ सौ मीटर लंबे खर्रा की शिल्ट सफाई कार्य देखा और खंड विकास अधिकारी को जरूरी निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी ने गुजरैला गांव का भ्रमण किया तथा मंगलधाम में कांवड़ियों के रुकने की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंगलधाम को जाने वाले रास्ते में सीसी रोड का निर्माण कराए जाने के निर्देश देते हुए पौधारोपण भी किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अमन देओल, पूर्व विधायक संजय कपूर, ग्राम प्रधान मनकरा गुड्डी, रियाज पाशा, साकिब खां आदि मौजूद रहे।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button