Rampur News: दिव्यांग महिला के आवास की डीएम ने रखी नींव
रामपुर। शाहबाद विकास खंड क्षेत्र के खंदेली निवासी दिव्यांग विधवा राजवती को प्रशासनिक प्रयासों के बाद अब पक्की छत मिल जाएगी। दिव्यांग महिला के आवास के निर्माण के लिए भारी बारिश के बावजूद मकान की नींव रखने के लिए डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ स्वयं पहुंचे। विधि-विधान और भूमि पूजन के बाद आवास की नींव डीएम द्वारा रखी गई।विधवा दिव्यांग महिला राजवती द्वारा डीएम रामपुर को अपने मकान की स्थिति बताए जाने पर डीएम रामपुर ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख जगपाल सिंह यादव को उनका मकान तैयार कराने की जिम्मेदारी सौंपी थी। भारी बारिश होने के बावजूद भी डीएम ने गांव पहुंचकर राजवती के मकान का भूमि पूजन किया। तेज बारिश के बीच महिला के आवास की नींव रखने पहुंचे डीएम को देखकर महिला काफी खुश हुई। दिव्यांग महिला के साथ डीएम ने आवास निर्माण के लिए नीव में ईंट रखी।
डीएम ने कहा कि हमारे समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकारी प्रयासों के साथ-साथ समाज के संभ्रांत जनों को भी आगे आना चाहिए। इस प्रशासनिक पहल को सार्थक बनाते हुए रामपुर जनपद में अब तक पांच परिवारों एवं शाहबाद में तीन परिवारों को अपनी छत प्रदान करने की कवायद प्रशासनिक स्तर से की जा चुकी है। डीएम ने बताया कि संभ्रांत लोग भी अत्यंत उत्साह पूर्वक प्रशासन की इस पहल को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। बातचीत के दौरान डीएम ने कहा कि दिव्यांग महिला राजवती को दो माह के भीतर अपना मकान मिल जाएगा और वह अपने परिवार के साथ बेहतर तरीके से जीवन यापन कर सकेंगी। इस दौरान एसडीएम सुनील कुमार, भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश बाबू गुप्ता, भूमि विकास के चेयरमैन केपी सिंह, धर्मपाल सिंह, बीडीओ नरेंद्र कुमार, एडीओ पंचायत अवधेश कुमार, ग्राम पंचायत सचिव एनोज एंथोनी, ग्राम प्रधान आदि मौजूद रही।
अब से पूर्व में डीएम कई को दे चुके हैं पक्की छत
खंदेली गांव में विधवा दिव्यांग महिला को प्रशासनिक प्रयासों के बाद अपना आवास मिल गया है। 14 मार्च को शाहबाद के यूसुफ नगर में दिव्यांग रामरहीस को आवास दिया था। उस दौरान डीएम के फीता काटने के बाद डीएम ने अपने लिए निर्धारित कुर्सी पर दिव्यांग रामरहीस को बैठाया था और स्वयं खड़े रहे थे। इतना ही नही पक्का मकान देने के बाद दिव्यांग को ट्राइसाइकिल दी, साथ ही कपड़े और राशन किट की सौगात भी दी थी। दिव्यांग रामरहीस की आर्थिक स्थिति को देखते हुए पात्र गृहस्थी कार्ड के स्थान पर अंत्योदय राशन कार्ड जारी करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए थे। वहीं 24 मार्च को शाहबाद के ब्लॉक क्षेत्र के गांव गदमर पट्टी निवासी दिव्यांग दुर्गा प्रसाद को भी आवास दिया था। संवाद