Rampur News: किसानों को घटिया गेंहू बीज की सप्लाई करने का आरोप
रामपुर। भाकियू टिकैत की मासिक पंचायत में शुक्रवार को प्राइवेट बीज प्लांट किसानों के निशाने पर रहे। आरोप लगाया गया कि प्रमाणित के नाम पर किसानों को घटिया और मानक के विपरीत गेहूं के बीज की सप्लाई की जा रही है। इस दौरान फैसला लिया गया कि यह मुद्दा लखनऊ पंचायत में उठाया जाएगा। प्रदेश कैंप कार्यालय पर शुक्रवार को मासिक पंचायत हुई। जिला प्रवक्ता मंजीत सिंह अटवाल ने बिलासपुर के प्राइवेट बीज प्लांट का मुद्दा उठाया। कार्यकर्ताओं ने भी बीज प्लांटों पर सवाल खड़े किए। किसानों का कहना था कि प्लांटों ने दंडे के गेहूं का भंडारण कर लिया। अब उसी गेहूं की अपग्रेडिंग कराई जा रही है। खानापूर्ति करने के बाद गेहूं अधिक दामों पर किसानों को बेचा जाएगा।
प्रदेश महासचिव हसीब अहमद ने कहा कि प्रमाणित बीज के नाम पर किसानों को लूटने नहीं दिया जाएगा। बीज प्लांट में पंजीकृत किसानों की सूची लेकर कार्यकर्ताओं से प्राइवेट तौर पर सत्यापन कराया जाएगा। जांच की मांग को लेकर शीघ्र ही अधिकारियों के दफ्तर पर धरना भी देंगे। प्रदेश महासचिव ने कहा कि यह मामला लखनऊ में 18 सितंबर को होने वाली महापंचायत में भी उठाया जाएगा। इस मौके पर राहत खां, सुभाष चंद्र शर्मा, जोगिंदर सिंह, अवतार सिंह, सुखविंदर सिंह हुंदल, साबिर अली आदि मौजूद रहे।

