Rampur News: किसानों ने सीड प्लांट स्वामियों केे खिलाफ किया प्रदर्शन
बिलासपुर। भारतीय किसान यूनियन टिकैत के तमाम कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सीड प्लांट स्वामियों के खिलाफ प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सीड प्लांट स्वामियों पर घटिया बीज बेचने का आरोप लगाते हुए जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
भाकियू जिला प्रवक्ता मंजीत सिंह अटवाल के नेतृत्व में तमाम किसान सोमवार की सुबह स्थानीय तहसील पहुंचे। उन्होंने सीट प्लांट स्वामियों पर बीज बेचने के मामले में मनमानी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उन्होंने बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी मयंक गोस्वामी को सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने आरोप लगाया कि नगर में तमाम सीड प्लांट हैं। उनका आरोप था कि कुछ बीज प्लांटों से मिलने वाले बीज की गुणवत्ता खराब है। पूर्व में भी धान एवं गेहूं की फसल खराब हो चुकी है और इससे फसल की पैदावार भी कम होने का आरोप लगाया। उन्होंने बीज प्लांटों के बीजों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। टाह खुर्द की टूटी पुलिया का निर्माण कराने, मिट्टी व बालू का अवैध खनन रोकने, खनन करने वाले वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाए जाने, नहर व सिंचाई विभाग पर पुलियों के निर्माण में घपलेबाजी करने का भी आरोप लगाते हुए सभी बिंदुओं की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। एसडीएम ने कहा कि वे उनके ज्ञापन को संबंधित तक पहुंचा देंगे। ज्ञापन देने वालों में पूर्व तहसील अध्यक्ष इरफान हुसैन, जुनैद, वाजिद, मेहरबान अली, अख्तर अली, इब्ने हसन, अमरपाल सिंह, वाजिद अली, कमरुद्दीन, सलमान अली, बिट्टू चीमा, गुरदीप सिंह, मेहरबान, लखविंदर सिंह, गुरदीप सिंह आदि मुख्य थे।