Rampur News: सीआरपीएफ कैंप में तैनात महिला कर्मी से 12 लाख की ठगी
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Thu, 20 Jul 2023 11:39 PM IST
रामपुर। रामपुर की सीआरपीएफ कैंप में तैनात एक महिला कर्मी ने दिल्ली के दो युवकों पर 12.03 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। घटना उस वक्त की है जब महिला सीआरपीएफ कर्मी दिल्ली में तैनात थी और उसकी वहां के दो युवकों से दोस्ती हो गई थी।
स्वार कोतवाली के गांव नौखरीद निवासी मंजू रानी पत्नी चंद्रकांत कुमार सीआरपीएफ में तैनात हैं। कुछ दिन पहले तक उसकी पोस्टिंग दिल्ली में थी, लेकिन अब उसका तबादला रामपुर सीआरपीएफ कैंप में हो गया है। मंजू रानी ने सिविल लाइंस थाने में तहरीर देकर बताया कि उन्होंने दिल्ली अपार्टमेंट निवासी राहुल सैनी और सूरज के साथ दिल्ली पोस्टिंग के दौरान दोस्ती हो गई थी। महिला कर्मी का आरोप है कि उसके एक दफा चोट लग गई थी, जिसके बाद इन दोनों ने उसकी मदद की थी। आरोप लगाया है कि सूरज ने उसके एटीएम से 4.15 लाख और राहुल ने उसके खाते से 7.88 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। जब इसकी जानकारी हुई तो उसने रुपये वापस मांगे, जिस पर इन लोगों ने धमकाना शुरू कर दिया। पुलिस ने मंजू की तहरीर के आधार पर आरोपी राहुल और सूरज के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर सिविल लाइन शरद पंवार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।