Rampur News: ऑनलाइन ट्रेंडिंग के विरोध में 27 जून से रामपुर समेत प्रदेश भर में व्यापारी खोलेंगे मोर्चा
रामपुर। ऑनलाइन ट्रेडिंग के विरोध में 27 जून को रामपुर समेत प्रदेश भर में होने वाले धरना प्रदर्शन को लेकर प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने कहा कि एक स्व में सभी लोग लखनऊ में इसका विरोध जाहिर करेंगे। इसके लिए कई मांगे भी रखी गयी है जिनको पूरा कराने के लिए संघर्ष किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि 28 मई को उन्नाव में आयोजित प्रदेश कार्य समिति की बैठक के निर्णय के अनुसार ऑनलाइन ट्रेडिंग के विरोध में प्रधानमंत्री सहित 29 कैबिनेट मंत्रियों और 47 राज्यमंत्रियों को व्यक्तिगत पत्र भेजे गए हैं। बताया कि लोकसभा के 543 सदस्यों और राज्यसभा के 250 सदस्यों को अलग-अलग व्यक्तिगत पत्र भी दिए गए हैं। जिसमें ऑनलाइन ट्रेंडिंग को बंद कराने के साथ भारत के सात करोड़ खुदरा व्यापारियों और उनके कर्मचारियों का जीवन बचाने की मांग की गयी है। उन्होंने बताया कि इसके लिए सभी प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को भी पत्र भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन ट्रेंडिग के विरोध में 27 जून को लखनऊ के राजभवन और सभी अन्य जिला मुख्यालयों पर सुबह 11 से एक बजे तक धरना प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि व्यापारी वर्ग की सुविधाएं और सम्मान बढ़ाने के लिए व्यापार मंडल सदैव प्रयासरत है। कहा कि आयकर छूट तीन लाख से बढ़ाकर चार लाख करने, आयकर में 80 सी की छूट डेढ़ लाख से बढ़ाकर दो लाख करने और आयकरदाता व्यापारियों को विदेशों की तरह शिक्षा और स्वास्थ्य निशुल्क उपलब्ध कराने की मांग 10 वर्ष से की जा रही है। इस मौके पर कपिल आर्य, विपुल गुप्ता, अनिल अग्रवाल, मनोज रस्तोगी, कमल किशोर रस्तोगी, छोटे लाल रस्तोगी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।