Rampur News: इंटर में हरप्रीत 95.40 प्रतिशत अंक पाकर बने जिला टॉपर
रामपुर। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की मेधावी सूची में छात्रों का दबदबा है। एसआरएम इंटर कॉलेज रौरा कलां मिलक के छात्र हरप्रीत सिंह ने 95.40 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान पाया है। दूसरे स्थान पर एसआरएम इंटर कॉलेज मिलक के छात्र हरेंद्र ने 94.40 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं।
जिला टॉपर हरप्रीत सिंह को 500 में से 477 अंक मिले हैं। जबकि दूसरे स्थान पर रहे हरेंद्र को 500 में से 472 अंक प्राप्त हुए हैं। मिलक के ही सरस्वती विद्या मंदिर कॉलेज के छात्र रजत सक्सेना ने 500 में से 467 अंक प्राप्त कर जिले में तीसरा स्थान पाया है। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद कॉलेजों में जश्न मनाया जाने लगा। कॉलेज में शिक्षक व अन्य स्टाफ ने सभी मेधावियों को मिठाई खिलाकर इनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इंटरमीडिएट की टॉप टेन की सूची में भी 14 विद्यार्थी हैं। मेधा सूची में छात्रों का दबदबा है। इंटरमीडिएट की टॉप टेन सूची में 10 छात्र व 4 छात्राएं हैं। ओवरऑल इंटरमीडिएट में 79.25 प्रतिशत विद्यार्थी पास हुए हैं। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद मेधावियों के घरों तक बधाइयां देने के लिए लोग पहुंचने लगे हैं।