Rampur News: प्रधान व सचिव ने जमा की गबन की धनराशि
रामपुर। बिलासपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत खजुरिया कलां में बिना कार्य कराए प्रधान व सचिव ने व्यय से अधिक 3.70 लाख रुपये का भुगतान करा लिया। इस बात का खुलासा सोशल ऑडिट रिपोर्ट में हुआ। जिसके बाद रिकवरी के लिए नोटिस जारी किए गए। बृहस्पतिवार को रिकवरी जमा कर दी गई।
वित्तीय वर्ष 2020-21 में ग्राम पंचायत में विकास कार्य कराए गए थे। जिसका सोशल ऑडिट 2022 में किया गया। ऑडिट के दौरान सामने आया कि गांव में विकास कार्यों में व्यय से अधिक 3.70 लाख रुपये का भुगतान कर लिया गया। प्रकरण सामने आने पर जिला प्रशासन की ओर से पूर्व ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक को नोटिस जारी करते हुए रिकवरी के आदेश दिए गए थे लेकिन हर बार आरोपी नोटिस को दबाते रहे। मुख्य विकास अधिकारी नंदकिशोर कलाल ने इस मामले में गंभीरता बरती। जिसके बाद बृहस्पतिवार को संबंधित ने 3.70 लाख रुपये का बकाया जमा कर दिया। जिला विकास अधिकारी डीएन तिवारी ने बताया कि सोशल ऑडिट रिपोर्ट में 3.70 लाख रुपये का गबन का मामला सामने आया था। इनको रिकवरी के नोटिस जारी किए गए थे। संबंधित लोगों ने रिकवरी जमा कर दी है।


