Rampur News: पत्नी की हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार
रामपुर। टांडा क्षेत्र के ग्राम नया गांव रामनगर लतीफपुर में शराब पीने का विरोध करने पर रमेश ने परिजनों के साथ मिलकर अपनी पत्नी अनीता (36) की गला दबाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी रमेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। मसवासी निवासी संजीव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसकी बहन अनीता की शादी 2008 में ग्राम नया गांव रामनगर लतीफपुर निवासी रमेश कुमार पुत्र भूप सिंह से हुई थी। रमेश शराब पीने का आदी है और उसकी बहन उसे शराब पीने से रोकती थी। इसके चलते अक्सर झगड़ा होता रहता था। झगड़ी की शिकातय पर संजीव अपने चचेरे भाई आशीष के साथ अपनी बहन के घर गया था। शिकायत पर रमेश के परिवार वाले उसके ही समर्थन में आ गए।
आरोप है कि 18 अगस्त को रमेश, उसके बड़े भाई चंद्रसेन, यादराम, धर्मेंद्र, रीना पत्नी चंद्रसेन और सुशीला पत्नी यादराम आदि साजिश के तहत अनीता को चारा काटने के लिए खेत पर ले गए। काफी देर तक जब अनीता वापस नहीं आई तो भांजे के कहने पर संजीव जंगल में गया तो देखा कि रमेश और चंद्रसेन अनीता का दुपट्टे से गला दबा रहे हैं। उसे देखकर आरोपी भाग गए। बाद में अनीता की मौत हो गई थी।
संजीव की तहरीर पर पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। 20 अगस्त की शाम को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सीकमपुर चौराहे से आरोपी रमेश को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र सिंह पचौरी ने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।