Rampur News: जी-20 शिखर सम्मेलन का असर, खाली जा रहीं दिल्ली रूट की बसें
रामपुर। जिले से दिल्ली जाने वाली बसों में दो दिन से घटी यात्रियों की संख्या के चलते परिवहन निगम को घाटा हो रहा है। 10 तारीख तक दिल्ली में चलने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए लगाई गई पाबंदियों के लिए चलते लोग दिल्ली नहीं जा रहे हैं। रोडवेज बसें दिल्ली के आनंद विवार तक न जाकर कौशांबी डिपो तक ही चल रही हैं। इसके चलते रामपुर रोडवेज की दो दिन से प्रतिदिन आय में दो लाख रुपये की कमी आई है।
स्थानीय डिपो की 25 बसें प्रतिदिन दिल्ली के आनंद विहार बस स्टैंड तक संचालित की जाती हैं, लेकिन बीते दो दिनों से इन बसों को कौशांबी डिपो तक ही ले जाया जा रहा है। बसें वहीं से वापस लौटकर आ रही हैं। दरअसल, दिल्ली में चल रहे जी-20 शिखर सम्मेलन को लेकर 10 सितंबर तक दिल्ली में बाहरी बसों के प्रवेश पर रोक है। इसके अलावा अन्य पाबंदियां भी लगी हैं। इस कारण दिल्ली जाने व वहां से यहां पर आने वाले यात्रियों की संख्या बिल्कुल घट गई है। सामान्य दिनों में स्थानीय रोडवेज की प्रतिदिन की औसत आय नौ लाख रुपये है, लेकिन शुक्रवार और शनिवार को आमदनी घटकर प्रतिदिन औसतन सात लाख रुपये ही रह गई। रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक दीप चंद जैन ने बताया कि जी-20 सम्मेलन के साथ जन्माष्टमी का असर भी दिख रहा है। लोग घरों से नहीं निकल रहे हैं। इसलिए परिवहन निगम को नुकसान हो रहा है।