Rampur News: कोर्ट नहीं पहुंचीं जयाप्रदा, फिर गैर जमानती वारंट जारी
रामपुर। आचार संहिता उल्लंघन के मामले में गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद भी पूर्व सांसद जयाप्रदा शुक्रवार को भी कोर्ट नहीं पहुंचीं, जिस पर कोर्ट ने जयाप्रदा के खिलाफ फिर से गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। अब इस मामले की सुनवाई 11 दिसंबर को होगी।
स्वार कोतवाली में लोकसभा चुनाव के दौरान पूर्व सांसद जयाप्रदा के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन के मामले में 2019 में मुकदमा दर्ज कराया गया था। यह मामला एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट ट्रायल कोर्ट में विचाराधीन है। इस मामले में अभियोजन की गवाही पूरी हो चुकी है और पूर्व सांसद को अपने बयान दर्ज कराने हैं, लेकिन वह बयान दर्ज कराने कोर्ट नहीं पहुंच रही हैं।
शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश होना था, लेकिन वह नहीं पहुंचीं। जिस पर कोर्ट ने मामले की सुनवाई करते हुए पूर्व सांसद जयाप्रदा के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया। जयाप्रदा के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि इस मामले की अगली सुनवाई 11 दिसंबर को होगी।
आजम के मामले में नहीं हो सकी सुनवाई
रामपु्र। सपा नेता आजम खां के खिलाफ टांडा थाने में दर्ज एससी-एसटी एक्ट के मामले में शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो सकी। सपा नेता के खिलाफ बसपा नेता धीरज कुमार शील ने टांडा थाने में वर्ष 2007 में मुकदमा दर्ज कराया था। यह मामला कोर्ट में विचाराधीन चल रहा है। शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई नहीं हो सकी। इस मामले की सुनवाई 11 दिसंबर को होगी।
यतीमखाना प्रकरण के दो मामलों में 11 को सुनवाई
रामपुर। सपा नेता आजम खां के खिलाफ दर्ज यतीमखाना बस्ती को खाली कराने के दो मामलों में शुक्रवार को सुनवाई नहीं हो सकी। कोतवाली में दर्ज मामलों में शुक्रवार को सुनवाई होनी थी, लेकिन पीठासीन अधिकारी के न होने की वजह से सुनवाई नहीं हो सकी। एडीजीसी सीमा राणा ने बताया कि अब इस मामले की सुनवाई 11 दिसंबर को होगी।