Rampur News: बीमार पत्नी को देखने आ रहे व्यक्ति की सड़क हादसे में मौत, बेटा गंभीर
शाहबाद। बीमार पत्नी को उसके मायके में देखने का रहे व्यक्ति और बेटे को अज्ञात वाहन चालक में टक्कर मार दी। हादसे में पति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पति के शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शनिवार देर रात को जनपद मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र के गांव मिलक खबरिया निवासी रहमान (27) अपने बेटे सालिम (7) के साथ अपनी ससुराल शाहबाद आ रहे थे। देर रात तकरीबन दस बजे शाहबाद के राणा शुगर मिल के निकट एक अज्ञात वाहन चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि घटनास्थल पर ही रहमान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बेटा सालिम गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना के बाद घटना स्थल पर पुलिस पहुंच गई और शव की शिनाख्त करने में जुट गई थी। शव की शिनाख्त करने के बाद परिवार वालों को सूचित किया गया। उधर राहगीरों ने एंबुलेंस के माध्यम से घायल बेटे सालिम को सीएचसी में भर्ती करवाया गया। चिकित्सकों ने घायल बेटे का प्राथमिक उपचार करके जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हादसे की सूचना पाकर मृतक के ससुराल और परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस द्वारा मृतक का शव शाहबाद सीएचसी मंगवाया गया। उधर मृतक की ससुराल और परिवार के लोग भी शाहबाद सीएचसी पहुंच गए थे।परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर भेज दिया। इस अचानक हादसे के बाद से दो परिवारों में मातम सा छाया हुआ है और पत्नी महताब का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक ने अपने पीछे तीन बच्चे और पत्नी को छोड़ा है।

