Rampur News: काम में लापरवाह 25 जेई को एमडी ने लगाई फटकार, बिजली चोरी कम करने के निर्देश
रामपुर। रामपुर में बिजली व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक करने पहुंचे उत्तर प्रदेश पॉवर काॅरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) के एमडी पंकज कुमार ने काम में लापरवाह 25 बिजलीघरों के जेई को फटकार लगाई। इस दौरान उनको अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करने के लिए भी चेताया। इन जेई के क्षेत्रों में अधिक बिजली चोरी और कम रेवन्यू मिलने की बात सामने आई थी। बैठक में उन्हाेंने कहा कि बिजली चोरी अभी 35-40 प्रतिशत हो रही है, इसको कम कर 10 प्रतिशत तक लाने की जरूरत है। साथ ही निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए।
बुधवार को सुबह करीब 11 बजे यूपीपीसीएल के एमडी पंकज कुमार रामपुर के पश्चिमी उत्तर प्रदेश विद्युत वितरण मंडल के अधिशासी अभियंता राजीव गर्ग के कार्यालय पहुंचे। यहां पर बातचीत के बाद सीधे विकास भवन पहुंच गए। यहां बिजली विभाग की समीक्षा बैठक की गई। जिसमें सीडीओ नंदकिशोर कलाल की मौजूदगी में सभी बिजलीघरों के जेई समेत आला अधिकारी शामिल थे।
बैठक के दौरान सभी जेई ने अपने क्षेत्रों में बिजली चोरी और लाइन लॉस का आंकड़ा बताया। बताया कि 35-40 प्रतिशत बिजली चोरी है, जिसको कम करने के लिए लगातार पुलिस के साथ दिन रात चेकिंग की जा रही है। इस पर एमडी ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए बिजली चोरी को 10 प्रतिशत तक लाने के लिए कहा। इस दौरान काम में लापरवाही 25 जेई को फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में सुधार की चेतावनी दी। इसके बाद एमडी ने अधिकारियों से कहा कि रेवन्यू पर सभी अधिक जोर दें। बिजली बिल वसूली में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए। इससे पूर्व अधिकारियों ने उनको बुके देकर स्वागत किया। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता राजीव गर्ग, एक्सईएन प्रथम भीष्म कुमार, अनुभव समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
वर्कशाॅप में मैटेरियल पूरा रखने के दिए निर्देशसमीक्षा बैठक से पहले यूपीपीसीएल के एमडी पंकज कुमार ने शहर के बिजलीघरों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले नवाबगेट बिजलीघर को देखा। उपस्थिति पंजिका के साथ रजिस्टर आदि देखे। वहीं रोस्टिंग और लाइनलॉस भी चेक किया। इसके साथ ही उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत की। वहीं पनवड़िया बिजलीघर पहुंचे। यहां उन्होंने बिजली संयंत्रों को देखा और उसकी जांच की। इसके बाद वे वर्कशॉप पहुंचे। यहां पर उन्होंने मैटेरियल चेक किया। जिसमें उन्होंने हिदायत दी कि मैटेरियल को पूरा रखा जाए। किसी भी तरह की कोई कमी नहीं आनी चाहिए। वहीं स्टोर देखने के साथ ही सभी कर्मचारियों को बिजली चोरी रोकने और राजस्व कलेक्शन के लिए निर्देश दिए हैं। एमडी के निरीक्षण को लेकर जिले के सभी बिजलीघरों में हड़कंप मचा रहा।