Rampur News: हाईवे पर आज रात आठ बजे से भारी वाहनों की नो एंट्री
रामपुर। सावन के सातवें सोमवार पर होने वाले जलाभिषेक को लेकर कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए शुक्रवार रात आठ बजे से बरेली-मुरादाबाद हाईवे पर रूट का डायवर्जन लागू हो जाएगा। सोमवार रात आठ बजे तक हाईवे पर ट्रक, लोडर, डीसीएम आदि भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। हाईवे पर कार, बाइक आदि हल्के वाहनों को छूट रहेगी। शनिवार तक रोडवेज बसें भी हल्के वाहनों की लेन से गुजारी जाएंगी।
बरेली-मुरादाबाद हाईवे की एक लेन में कांवड़ियों को गुजारा जाएगा। दूसरी लेन में कार, बाइक आदि हल्के वाहन चलेंगे। बरेली व मुरादाबाद दोनों ओर का यातायात एक ही लेन से होकर गुजरेगा। अभी हाईवे पर कांवड़ियों की आवाजाही कम है। सावन के अंतिम दो सोमवार पर कांवड़ियों की भीड़ बढ़ने के आसार हैं। इसको लेकर प्रशासन सतर्क है और तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। यातायात निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार को रात आठ बजे तक हाईवे पर रूट का डायवर्जन लागू रहेगा।
इन मार्गाें से गुजरेंगे बड़े वाहन
-बरेली से दिल्ली को जाने वाले भारी वाहन आंवला, शाहबाद, बिलारी, चंदौसी, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होकर दिल्ली को गुजारे जाएंगे।
-मीरगंज व अन्य मार्गों से दिल्ली जाने वाले वाहनों को तीन बत्ती तिराहा थाना मिलक से पटवाई, शाहबाद, बिलारी, नरौरा होते हुए दिल्ली भेजा जाएगा।
-रुद्रपुर से वाया रामपुर होते हुए दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों को जौहर पुलिया थाना गंज से बाईपास जीरो प्वाइंट शहजादनगर से अजीतपुर बाईपास पुल की साइड से शाहबाद होते हुए बिलारी, चंदौसी, बबराला, बुलंदशहर होकर दिल्ली भेजा जाएगा।
-रामपुर से मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन शाहबाद, बिलारी होकर गुजारे जाएंगे। इसी प्रकार मुरादाबाद से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को बिलारी से शाहबाद होकर भेजा जाएगा। –
-बरेली जाने वाले भारी वाहनों को शाहबाद से आंवला, अलीगंज होते हुए गुजारा जाएगा। हल्द्वानी रुद्रपुर से आने वाले भारी वाहन बिलासपुर गेट से होकर गुजरेंगे। रामपुर से हल्द्वानी-रुद्रपुर की तरफ जाने वाले वाहन इसी रूट से होकर गुजरेंगे।
-हापुड़, मेरठ, गढ़ की ओर से रामपुर आने वाले भारी वाहनों को गढ़ चौपला जनपद हापड़ से डायवर्ट कर बुलंदशहर, नरौरा, बबराला, चंदौसी, बिलारी, शाहबाद होते हुए रामपुर भेजा जाएगा।


