Rampur News: रजा डिग्री कॉलेज की तीसरी मेरिट लिस्ट जारी
रामपुर। स्नातक प्रथम सेमेस्टर में जिले के चार राजकीय डिग्री कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। दो बार मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद भी कॉलेजों में 700 से अधिक सीटें खाली रह गई हैं। अब तीसरी मेरिट लिस्ट के जरिये इन सीटों को भरा जाएगा। सर्वाधिक बीए व बीएससी में सीटें खाली हैं। रजा डिग्री कॉलेज में तीसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है।
शहर में राजकीय रजा डिग्री कॉलेज में स्नातक प्रथम सेमेस्टर के लिए दो मेरिट लिस्ट जारी हो चुकी हैं। कॉलेज में बीए, बीकॉम व बीएससी की कुल 2320 सीटों पर 1800 अभ्यर्थियों ने दाखिला ले लिया है। शेष 520 सीटों पर दाखिले के लिए अब तीसरी मेरिट जारी की जाएगी। प्राचार्य डॉ. दीपा अग्रवाल ने बताया कि बीए 150 और बीएससी व बीकॉम में 370 सीटें खाली रह गई हैं। इनको भरने के लिए तीसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है। बीएससी बॉयो में सामान्य वर्ग की 67.69 प्रतिशत, ओबीसी की 61.96 प्रतिशत कटऑफ है। बीकॉम में ईडब्ल्यूएस की 54.36 कटऑफ जारी की गई है।
वहीं राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अतुल शर्मा ने बताया कि बीए व बीएससी मैथ में 200 सीटें खाली हैं। इन पर 31 अगस्त तक दाखिले होंगे। बिलासपुर व स्वार के राजकीय डिग्री कॉलेजों में 200 के करीब सीटों पर दाखिले होने से रह गए हैं। अभ्यर्थियों को तीसरी मेरिट लिस्ट में प्रवेश लेने का मौका मिलेगा।