Rampur News: ओपीडी में पहुंचे सांस, डायरिया और बुखार के मरीज
रामपुर। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के कारण जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की संख्या हर रोज बढ़ रही है। जिससे वार्ड फुल चल रहे हैं। शुक्रवार को ओपीडी में 900 मरीजों ने पंजीकरण कराने के बाद अपना उपचार कराया। इनमें सांस, डायरिया और बुखार के 250 से अधिक मरीज थे। डॉक्टर खानपान और जीवनशैली में बदलाव की सलाह दे रहे हैं।
शुक्रवार को सुबह आठ बजे से ही मरीजों की लंबी लाइन पर्चा काउंटर पर लगने लगी। बारी-बारी से मरीजों ने अपना पंजीकरण कराने के बाद ओपीडी में बैठे डॉक्टरों के कक्ष में पहुंचे। सुबह दस बजे तक ओपीडी में मरीजों की काफी भीड़ हो चुकी थी। अपनी बारी के लिए कई मरीज धक्का मुक्की करते दिखाई दिए। जनरल फिजिशियन डॉ. डीके वर्मा ने बताया कि गर्मी के कारण सांस और डायरिया के मरीज बढ़े हैं। गर्मी के साथ पिछले दो-तीन दिनों में टायफाइड के रोगियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। ऐसे मरीजों को दवा लिखने के साथ खानपान पर विशेष ध्यान और रात को सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करने की सलाह दी जा रही है। इधर, अस्पताल के डायरिया वार्ड में 32 नए मरीजों को भर्ती किया गया। 14 मरीज स्वस्थ होने पर घर भेजे गए।
ओपीडी में डॉ. डीके वर्मा, डॉ. मुकुट लाल, डॉ. संजय अग्रवाल और डॉ. राजेश कुमार ने मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को देखा। एक डॉक्टर ने औसतन 60 से 70 मरीजों को देखा। डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि बड़ों के साथ ही बच्चों में उल्टी-दस्त की समस्या देखने को मिल रही है। बच्चों को साफ बोतल में दूध पिलाएं और उनके देर तक रखा हुआ खाना न खिलाएं।