Rampur News: 11 निकायों में मतदान कराने के लिए बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंचीं, मतदान आज
रामपुर। निकाय चुनाव के लिए बुधवार को सभी तहसील मुख्यालयों से पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। पोलिंग पार्टियों की रवानगी का काम सुबह नौ बजे से शुरू हो जो दोपहर बाद तक चलता रहा। मतदान कर्मी बूथ पर पहुंचकर सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त करेंगे ताकि बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे से मतदान शुरू कराया जा सके। जिले की 590 बूथों के लिए इतनी ही पोलिंग पार्टियां रवाना हुई हैं, जिसमें 2616 मतदान कर्मी शामिल हैं।
नगर निकाय चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को मतदान होगा। जो सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। इस चुनाव में इस बार 5.64 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए प्रत्येक बूथों को सभी सुविधाओं से लैस कर दिया गया है। संवेदनशील और अति संवेदनशील बूथों पर पुलिस के साथ-साथ अर्धसैनिक बल के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। बुधवार को सुबह नौ बजे से मतदान कर्मी पोलिंग पार्टियों के लिए रवानगी के लिए निर्धारित स्थल पर पहुंचना शुरू हो गए । अपने-अपने क्षेत्रों के मतपत्र इकट्ठा करना शुरू कर दिए। वहीं अपनी वोटर लिस्ट पोस्टल बैलेट अलग-अलग किए और फिर अपनी मत पेटियों को भी इकट्ठा किया। इस दौरान कर्मियों को प्रशासनिक अधिकारियों ने टिप्स दिए। मतदान के लिए सभी को जिम्मेदारी से निर्वहन करने के लिए आदेश दिया गया। इसके साथ ही कर्मियों ने अपनी वोटर लिस्ट के साथ ही में अन्य कागजात भी सौंपे। सुबह नौ बजे से आए मतदान कर्मियों को आदेश के बाद 1 बजकर 40 मिनट पर रवाना कर दिया गया है। मतदान में लगीं 2200 छोटे बड़े वाहनों के साथ बसों से रवाना कर दिया गया है। शाम तक सभी पोलिंग पार्टियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में मोर्चा संभाल लिया था। देर शाम अचानक मौसम के बदलाव के चलते मतदान कर्मियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ा। बारिश होने पर लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने सभी को निष्पक्ष और शांतिपूर्वक चुनाव कराने के लिए निर्देशित किया है।