Rampur News: प्रेम संबंध में पीआरडी जवान की सिर कुचलकर हत्या
रामपुर। ग्राम नरायनपुर निवासी पीआरडी जवान महेश सिंह (50) की शनिवार रात सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। वह टहलने के लिए घर से निकले थे। उनका शव गांव से ही दो सौ मीटर दूर सड़क पर मिला। सूचना पर पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। हत्या प्रेम संबंध में की गई। मृतक के बेटे मोहित की तहरीर पर गांव निवासी लज्जावती और उसके जीजा दिनेश सिंह के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। नरायनपुर निवासी महेश सिंह स्वार कोतवाली में पीआरडी जवान के रूप में तैनात थे। शनिवार शाम को वह खाना खाकर गांव के बाहर जंगल की तरफ टहलने चले गए थे। काफी देर तक जब नहीं लौटे तब परिजनों ने तलाश शुरू की। उनका शव गांव से दो सौ मीटर दूर सड़क पर पीपली नायक गांव के रास्ते पर पड़ा मिला। उनका सिर और चेहरा किसी भारी चीज से कुचला हुआ था।
हत्या की सूचना पर एएसपी डॉ. संसार सिंह, क्षेत्राधिकारी टांडा ओमकार नाथ शर्मा, टांडा कोतवाल सुरेंद्र सिंह पचौरी व दढ़ियाल चौकी इंचार्ज राकेश कुमार सहित फोरेंसिक टीम पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने बताया कि मृतक के बेटे की शिकायत पर गांव निवासी लज्जावती और उसके जीजा दिनेश सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पीछा छुड़ाने के लिए जीजा-साली ने की हत्या
मृतक के बेटे मोहित ने बताया कि काफी समय से उनके पिता के लज्जावती से प्रेम संबंध थे। इससे महिला का जीजा दिनेश सिंह उससे रंजिश रखता था। बाद में महिला के संबंध उसके जीजा से हो गए तो दोनों महेश सिंह से पीछा छुड़ाना चाहते थे। शनिवार रात की रात महेश सिंह को अकेला पाकर दोनों ने मिलकर महेश सिंह की हत्या कर दी। आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।

