रामपुर

Rampur News: रामपुर में सुबह 11 बजे ही सभी वाहनों के लिए खुल गया हाईवे

Connect News 24

रामपुर। सावन के तीसरे सोमवार को लेकर हाईवे पर लगा रूट डायवर्जन नौ घंटे पहले ही सुबह 11 बजे हटा लिया गया। इसके बाद हाईवे पर सभी प्रकार के वाहन गुजरने लगे। रोडवेज बसें सीधे मार्ग से चलने से यात्रियों को राहत मिली। इससे समय के साथ पैसों की भी बचत हुई। अब 28 जुलाई की रात आठ बजे दोबारा रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। तब तक हाईवे पर सभी वाहन गुजरेंगे।

कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए शासन की ओर से सावन में हर सोमवार से पहले शुक्रवार रात आठ बजे से सोमवार रात आठ बजे तक के लिए रूट डायवर्जन लागू किया जाता है। हालांकि, स्थिति को देखते हुए यातायात पुलिस को डायवर्जन घटाने-बढ़ाने का भी अधिकार है। सावन के तीसरे सोमवार पर जलाभिषेक के लिए शुक्रवार रात आठ बजे के बाद रूट डायवर्जन कर दिया गया था। इस दौरान बड़े वाहन जिनमें ट्रक, लोडर, डीसीएम और अन्य प्रकार के व्यावासायिक वाहनों को अजीतपुर बाईपास की ओर से शाहबाद होकर गुजारा जा रहा था। रविवार से रोडवेज बसों का भी रास्ता बदल दिया गया था। शहर के अंदर बड़े वाहनों का प्रवेश बंद था।

सोमवार को सुबह मंदिरों में जलाभिषेक होने के बाद हाईवे पर कांवड़ियों की संख्या कम हो गई। इसको देखते हुए यातायात पुलिस ने सोमवार को सुबह 11 बजे के बाद ही रूट डायवर्जन हटा दिया और हाईवे पर सभी प्रकार के छोटे व बड़े वाहनों को गुजरने की अनुमति दे दी। जिसके बाद हाईवे पर ट्रक, लोडर, डीसीएम, रोडवेज बसों आदि ने फर्राटा भरना शुरू कर दिया। इससे पहले रूट डायवर्जन की वजह से रोडवेज बसें अतिरिक्त दूरी तय कर गंतव्य तक पहुंच रही थीं। इसलिए यात्रियों को परेशान होना पड़ा था। यातायात निरीक्षक अवधेश कुमार ने बताया कि सावन का चौथा सोमवार 31 जुलाई को है। इससे पहले 28 जुलाई को रात आठ बजे के बाद रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button