Rampur News: स्कूल आवंटन होने तक बच्चों को पढ़ाएंगे शिक्षक
रामपुर। गैर जिलों से तबादला होकर आए शिक्षकों को हाजिरी लगाकर मुख्यालय नहीं छोड़ना होगा। ऐसे शिक्षक स्कूल जाकर बच्चों को पढ़ाएंगे। स्कूल आवंटन की प्रक्रिया होने तक ये शिक्षक ऐसे स्कूलाें में बच्चों को पढ़ाएंगे, जिनमें बच्चों की संख्या के हिसाब से शिक्षक कम हैं।
हाल में बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों के अंतरजनपदीय तबादले हुए हैं। इनमें गैर जिलों से रामपुर में करीब 170 शिक्षकों ने पहुंचकर आमद कराई है। अब इनको स्कूल का आवंटन होना है। यह प्रक्रिया शासन स्तर से ऑनलाइन की जाएगी। जिसकी अभी कोई तिथि निर्धारित नहीं हुई है। ऐसे में गैर जिलों के शिक्षक हर रोज बीएसए दफ्तर में हाजिरी लगाने के बाद यहां से रवाना हो जाते हैं। ऐसी जानकारी सामने आई है कि इसमें कई शिक्षक विभाग के बाबुओं से सेटिंग कर दफ्तर न पहुंचकर अपने घरों में ही रह रहे हैं। जिसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजीव कुमार ने गैर जिलों से यहां आए सभी शिक्षकों को अस्थायी रूप से स्कूल में पढ़ाने के निर्देश जारी किए हैं। जब तक इन शिक्षकों के स्कूल आवंटन की प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक ये सभी शिक्षक ऐसे स्कूलों में जाकर पढ़ाएंगे, जहां पर बच्चों की संख्या अधिक है और शिक्षक कम है। इस संबंध में बीएसए ने समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया है। इसमें कहा है कि सभी बीईओ ब्लॉक क्षेत्र में स्कूल के हिसाब से छात्र संख्या व शिक्षकों का ब्योरा दें। जिससे कि जिस स्कूल में शिक्षक की जरूरत होती है वहां पर इन शिक्षकों को लगाया जा सके।


