Rampur News: बीड़ी कारोबारी से धोखाधड़ी, दो भाइयों पर रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Mon, 07 Aug 2023 01:55 AM IST
रामपुर। शहर के मशहूर बीड़ी कारोबारी के साथ धोखाधड़ी करते हुए उसके कारखाने को हड़पने और उनकी मृत्यु के बाद कारखाने से लाखों रुपये का माल चोरी करने के मामले में उनकी बेटी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। शहर कोतवाली में दो भाइयाें के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जौहर रोड पर सेंट मेरी स्कूल के पास रहने वाली फरहा नासिर ने कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है,जिसमें उसने कहा कि उनके पिता साधू बीड़ी कंपनी के मालिक थे। उनके पिता ने मुहल्ला पीला तालाब निवासी मेरे रिश्तेदार सैयद अली अनवर महफूज को कंपनी की देखभाल के लिए रखा था। बाद में उस पर भरोसा करते हुए कंपनी में 30 फीसद का हिस्सेदार बना लिया। उसने पिता के भरोसे का फायदा उठाते हुए एक पार्टनरशिप डीड पर उनके हस्ताक्षर करा लिए। इसमें उसका भाई सैयद दानिश महफूज भी शामिल था। उनके पिता को जब इसका पता चला तो रिश्तेदारों ने बदनामी का वास्ता देकर कार्रवाई से रोक दिया। तब 31 मार्च 2019 को डिजालूशन डीड तैयार कर आरोपियोंं को कंपनी से अलग कर दिया। 18 दिसंबर 2020 को पिता ने एक पत्र के साथ उस डिजालूशन डीड को सुपरिटेन्डेन्ट सेंट्रल एक्साइज रेंज प्रथम को आरोपी की भागीदारी कंपनी में समाप्त होने की जानकारी दी। उसके आफिस आने पर भी पाबंदी लगा दी। 22 अप्रैल 2021 काे उनके पिता का निधन हो गया। पिता की मृत्यु के बाद बेटी ने कारोबार संभाला। सात मई 2021 को वह कंपनी के गोदाम पीला तालाब पर गईं तो वहां 1520 बोरियां तंबाकू और 400 बोरिया बीड़ी गायब मिली। कर्मचारी ने बताया कि आरोपी और उसका भाई सारा माल ले गए हैं। दोनों भाइयों ने लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। बीड़ी कारोबारी की बेटी ने पुलिस में शिकायत की। कोर्ट के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने सैयद अली अनवर महफूज और उनके भाई सैयद दानिश महफूज के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।