Rampur News: डीएम के आदेश पर एसडीएम ने किया सीएचसी का औचक निरीक्षण
रामपुर। जिलाधिकारी के आदेश के बाद एसडीएम ने बृहस्पतिवार रात बिलासपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम ने वार्ड रूम, ऑब्जर्वर रूम, इमरजेंसी वार्ड, शौचालय, बाथरूम सहित स्वास्थ्य केंद्र के हर पटल का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम को सीएचसी पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं, जिसके लिए उन्होंने सीएचसी प्रभारी के कार्य की सराहना की।
श्रावण माह के साथ ही वर्षा ऋतु में संचारी रोगों की रोकथाम व उचित उपचार की व्यवस्था को परखने के लिए जिलाधिकारी ने एसडीएम मयंक गोस्वामी को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र का औचक निरीक्षण कर रिपेार्ट भेजने के आदेश दिए थे। जिलाधिकारी का आदेश मिलते ही एसडीएम बृहस्पतिवार देर रात सामुदायिक स्वास्थ केंद्र का निरीक्षण करने पहुंच गए, उन्होंने सीएचसी के हर पटल का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्हें इमरजेंसी वार्ड में ऑक्सीजन सिलिंडर की उपलब्धता मिली। आपाकालीन चिकित्सक व स्टाफ मौजूद मिले। एंबुलेंस व चालक भी सीएचसी में ही मिले। मरीजों से भी सीएचसी पर मिलने वाले उपचार के बारे में सवाल जवाब किए। जवाब सुनकर एसडीएम संतुष्ट नजर आए। वार्ड में बेडों की पर्याप्त संख्या और साफ-सफाई पर भी संतुष्ट नजर आए। सीएचसी के बाथरूम, शौचालय भी ठीक अवस्था में मिले। इनमें पानी और प्रकाश की पर्याप्त उपलब्धता थी।
इस दौरान एसडीएम ने सीएचसी प्रभारी को वर्षा ऋतु के दृष्टिगत संचारी रोगों के बचाव व उपचार तथा सर्पदंश के उपचार हेतु आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। एसडीएम मयंक गोस्वामी ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश के बाद सीएचसी का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गयी है।