Rampur News: स्वच्छता सर्वेक्षण करने पहुंची टीम ने ग्रामीणों से ली जानकारी
रामपुर। स्वच्छता सर्वेक्षण ग्रामीण 2023 के तहत शुक्रवार को लखनऊ से एक टीम जिले में पहुंची। टीम ने सैदनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत सींगनखेड़ा में पहुंचकर स्वच्छ भारत मिशन के तहत किए गए कार्यों का सर्वे किया। लोगों से जानकारी हासिल की। साथ ही उन्हेें स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया। टीम यहां दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम पर आई है।
गांवों को साफ-सुथरा रखने के मकसद से स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में इस वर्ष जिले के 505 गांवों को स्वच्छ भारत मिशन में शामिल किया गया है। पिछले वर्ष 36 ग्राम पंचायतों में स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्य कराने के बाद इनको ओडीएफ प्लस घोषित किया गया। इन गांवों में विकास कार्यों की हकीकत परखने के लिए एक टीम शुक्रवार दोपहर में यहां पर पहुंची। टीम में राज्य स्तर से कंसल्टिंग इंजीनियर विक्रम सिंह राजपूत व दो अन्य लोग शामिल रहे।
टीम ने सींगनखेड़ा में पहुंचकर कूड़ा निस्तारण केंद्र, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन आदि का गहनता से सर्वे किया। गांव की सफाई व्यवस्था पर गांव के लोगों से फीडबैक प्राप्त किया। तकरीबन दो घंटे तक गांव में निरीक्षण करने के बाद टीम यहां से चमरौआ ब्लॉक के कोयला गांव को रवाना हो गई। यहां पर विकास कार्यों का सर्वे किया गया है। शनिवार को टीम अन्य गांवों में पहुंचकर स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्यों की जमीनी हकीकत जानेगी। जिला पंचायत राज अधिकारी जाहिद हुसैन ने बताया कि टीम दो दिन तक जिले में रहेगी।