Rampur News: डूंगरपुर प्रकरण में अब नौ नवंबर को होगी गवाही
रामपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव आजम खां के खिलाफ दर्ज डूंगरपुर प्रकरण के दो मामलों में बृहस्पतिवार को सुनवाई हुई। दोनों मामलों में गवाह कोर्ट पहुंचे। एक में गवाह ने बयान दर्ज कराए, जबकि दूसरे में गवाह से जिरह की गई। दोनों की गवाही पूरी नहीं हो सकी है। अदालत अब नौ नवंबर को सुनवाई करेगी।
सपा नेता आजम खां के खिलाफ वर्ष 2019 में गंज कोतवाली में डूंगरपुर प्रकरण के मामले दर्ज हुए थे। इन्हें डूंगरपुर बस्ती के लोगों ने अलग-अलग दर्ज कराया था। कुल 12 मामले हैं। आरोप है कि सपा सरकार में आसरा आवास बनाने के लिए उनके घरों को जबरन खाली कराया गया। उनके साथ मारपीट और लूटपाट की गई। मकानों पर बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त कर दिया गया। इनकी सुनवाई एमपी-एमएलए स्पेशल कोर्ट (सेशन ट्रायल) में चल रही है।
बृहस्पतिवार को दो मामले में सुनवाई हुई। एक मामले में मुकदमे के विवेचक उप निरीक्षक धर्मेंद्र सोलंकी गवाही के लिए कोर्ट पहुंचे। उनके बयान दर्ज हो चुके हैं। बचाव पक्ष के अधिवक्ता द्वारा उनसे जिरह की गई। जिरह पूरी नहीं हो सकी। दूसरा मुकदमे के वादी अबरार गवाही के लिए कोर्ट पहुंचे। उन्होंने अपने बयान दर्ज कराए। अब अगली सुनवाई पर बचाव पक्ष उनसे जिरह करेगा। सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता सीमा राणा ने बताया कि दोनों मामलों में नौ नवंबर को सुनवाई की जाएगी। संवाद


